विवेकानंद पॉलीक्लीनिक के गेट पर अतिक्रमण का जाम, मरीज-तीमारदार बेहाल

विवेकानंद पॉलीक्लीनिक के गेट पर अतिक्रमण से जाम, मरीज परेशान

पुल के नीचे ठेले, दुकानें और बेतरतीब पार्किंग बनी परेशानी; एंबुलेंस तक के आवागमन में दिक्कत, कार्रवाई की मांग

विजय सिंह । पत्रकार सत्ता
लखनऊ। निराला नगर स्थित विवेकानंद पॉलीक्लीनिक के मुख्य द्वार के सामने पुल के नीचे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे लगे ठेले, चाय-नाश्ते की दुकानें और बेतरतीब खड़े वाहन यातायात में बाधा बन रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों पर पड़ रहा है।

सड़क का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में

स्थानीय लोगों के मुताबिक पुल के नीचे सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। इसके अलावा जगह-जगह ठेले और अस्थायी दुकानें लगी होने से सड़क का काफी हिस्सा घिर जाता है। मार्ग संकरा होने के कारण व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को जाम से जूझना पड़ता है।

इसे भी पढ़ें- सनी देओल-आमिर खान में OTT डील को लेकर मनमुटाव की खबर, 60 करोड़ का ऑफर बना वजह!

मरीजों और एंबुलेंस को भी परेशानी

विवेकानंद पॉलीक्लीनिक में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को जाम के कारण अस्पताल के मुख्य द्वार तक पहुंचने में परेशानी होती है। गंभीर मरीजों को लेकर आने वाले वाहनों के साथ ही एंबुलेंस के आवागमन में भी बाधा की स्थिति बनने से लोगों में नाराजगी है।

तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल के आसपास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें वाहन खड़ा करने के लिए काफी दूर तक जगह तलाशनी पड़ती है।

इसे भी जानें- भारत में चीनी की किल्लत ने पाकिस्तान में जगाई उम्मीद, मिल मालिकों की नजर भारतीय बाजार पर

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रही समस्या

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुल के नीचे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है।

यह भी देखें- जंतर-मंतर कांड पर राहुल गांधी का हल्लाबोल, साहिल के साथ थाने में धरने पर बैठे

लोगों ने नगर निगम और यातायात विभाग से पुल के नीचे अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने और अस्पताल के आसपास व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मरीजों की सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को देखते हुए इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जानी चाहिए।
रिपोर्ट : विजय सिंह, लखनऊ ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *