मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए पर्याप्त समय देने और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आपत्तियां लेने की अपील
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी के प्रस्तावित चुनाव को लेकर लोकतंत्र सेनानी कल्याण मंच के अध्यक्ष डॉ. अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर चुनाव प्रक्रिया में चिकित्सकों को पर्याप्त समय और सूचना दिए जाने की मांग की है। 18 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र में उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए निर्धारित समय-सीमा पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध किया है।
डॉ. शर्मा के अनुसार, वे पिछले 50 वर्षों से आयुर्वेद विधा के माध्यम से जनसेवा से जुड़े हैं और भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तर प्रदेश के चुनाव कराए जाने की मांग लंबे समय से करते रहे हैं। उन्होंने पत्र में बताया कि 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक विज्ञप्ति के माध्यम से उन्हें परिषद के निदेशक द्वारा कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया शुरू किए जाने तथा 24 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची के पुनरीक्षण की जानकारी मिली।
यह भी देखें- ‘मेरे अब्बू’ पुस्तक का भव्य विमोचन, अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में देर रात तक गूंजे कलाम
पत्र में डॉ. शर्मा ने कहा है कि चिकित्सकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 24 सितंबर तक का समय दिया गया है। उनके अनुसार, यह अवधि पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि निदेशक कार्यालय में स्वयं या प्रतिनिधि के माध्यम से पहुंचने अथवा डाक से आपत्ति भेजने की व्यवस्था दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले चिकित्सकों के लिए कठिन हो सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए कम से कम एक माह का समय दिए जाने तथा ई-मेल, फैक्स, फोन और व्हाट्सऐप जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से भी आपत्तियां स्वीकार करने की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। पत्र में वर्तमान बाढ़ की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा है कि दूरदराज क्षेत्रों के चिकित्सकों के लिए कम समय में लखनऊ पहुंचना व्यावहारिक रूप से कठिन हो सकता है।
इसे भी जाने- ‘मेरे अब्बू’ पुस्तक का भव्य विमोचन, अंतरराष्ट्रीय मुशायरे में देर रात तक गूंजे कलाम
डॉ. शर्मा ने मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए चिकित्सकों के स्थायी एवं वर्तमान पते के साथ फोटोग्राफ, आधार नंबर, ई-मेल, फोन और व्हाट्सऐप नंबर जैसी जानकारियां एकत्र करने का सुझाव भी दिया है। उनका कहना है कि अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध होने से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रत्याशियों को मतदाताओं से संपर्क करने में सुविधा होगी।
पत्र में डॉ. शर्मा ने यह भी कहा है कि पर्याप्त सूचना और अद्यतन मतदाता सूची के अभाव में कार्यकारिणी का चुनाव कराना उचित नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि समाजहित में भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तर प्रदेश की चुनाव प्रक्रिया सभी संबंधित चिकित्सकों को पर्याप्त सूचना और अवसर दिए जाने के बाद ही आगे बढ़ाई जाए।
रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता




