एसकेडी में वैश्विक शिक्षा और नई तकनीक पर विशेष व्याख्यान

विद्यार्थियों को डिजिटल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का मिला मार्गदर्शन, वैश्विक कौशल और नवाचार पर रहा जोर

पत्रकार सत्ता न्यूज़
लखनऊ। एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन ने विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक तकनीक और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से दो विशेष अतिथि व्याख्यानों का आयोजन किया। एसकेडी एकेडमी वृंदावन परिसर और एसकेडी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इन कार्यक्रमों में विशेषज्ञों ने डिजिटल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और नवाचार जैसे समसामयिक विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

एसकेडी एकेडमी वृंदावन परिसर में मिशिगन विश्वविद्यालय, एन आर्बर की शोधकर्ता एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. स्वप्निल राय ने नेटवर्क्ड बॉलीवुड और स्ट्रीमिंग विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने डिजिटल मंचों के बढ़ते प्रभाव, वैश्विक मनोरंजन उद्योग में हो रहे बदलाव तथा बदलती मीडिया संस्कृति पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से वैश्विक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन

इसे भी देखें- विधानसभा अध्यक्ष के संदर्भ पुस्तकालय में स्थापित हुआ ऋषि वाङ्मय, गायत्री परिवार ने 79 खंडों का साहित्य किया समर्पित

वहीं एसकेडी इंटरनेशनल स्कूल में विशेषज्ञ मैत्री ने रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और विज्ञान प्रौद्योगिकी क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण विषय पर संवादात्मक सत्र लिया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और अनुसंधान सहित लगभग सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

दोनों कार्यक्रमों में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे। संस्था का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक परिवर्तनों से जोड़ने और भविष्य के रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढ़ें- 21 दिन चला भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान हुआ सम्पन्न, संवाद और पुनर्वास से बदल रही जिंदगी

कार्यक्रम में एसकेडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक मनीष सिंह, उपनिदेशिका निशा सिंह तथा सहायक निदेशक (शैक्षणिक) कुसुम बत्रा उपस्थित रहीं। प्रबंधन ने अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से शोध, नवाचार और आजीवन सीखने की संस्कृति अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *