पत्नी और बहन की हत्या के बाद मानव वाजपेयी ने खुद को मारी गोली, WhatsApp स्टेटस से सामने आया घटनाक्रम
नदीम वक़ार । पत्रकार सत्ता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े हत्या के बाद सामने आया मामला अब डबल मर्डर और सुसाइड में बदल गया है। लखनऊ पुलिस के अनुसार दिव्या की हत्या उनके पति मानव वाजपेयी ने की। इसके कुछ ही देर बाद उसने अपनी बहन की भी गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक गोमतीनगर थाना क्षेत्र में महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि महिला के पति ने ही उसे गोली मारी थी। इसके बाद पुलिस को एक व्यक्ति द्वारा अपनी बहन की हत्या करने और खुद को गोली मारने की सूचना मिली। जांच में दोनों घटनाओं को एक ही व्यक्ति मानव वाजपेयी से जोड़ते हुए पुलिस ने पुष्टि की।
इसे भी जानें- गोमतीनगर में दिनदहाड़े बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या, पति पर आरोप
WhatsApp स्टेटस से सामने आया सनसनीखेज दावा
घटना के बाद मानव के मोबाइल पर लगा WhatsApp स्टेटस भी जांच में सामने आया। पुलिस ने भी अपने बयान में इस स्टेटस का जिक्र किया है। इसमें पत्नी की हत्या के साथ खुद और अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी। स्टेटस में पत्नी पर धोखा देने का आरोप भी लगाया गया था तथा प्रज्ञा और भरत के बारे में भी उल्लेख किया गया था।
इसे भी पढ़ें- यूपी के स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर सीएम योगी सख्त
घर से तीन हथियार बरामद
लखनऊ पुलिस के अनुसार आरोपी के घर से तीन हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार दिव्या और मानव के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट तक पहुंच चुका था। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम की कड़ियों की जांच कर रही है।
इसे भी जानें- शिया पीजी कॉलेज में एलएलबी की मेरिट सूची जारी, 24 अगस्त तक फीस जमा करने का मौका
गोमतीनगर की इस सनसनीखेज वारदात ने राजधानी की कानून-व्यवस्था और पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टे : नदीम वक़ार, लखनऊ ब्यूरो




