CICI बैंक की महिला अधिकारी की हत्या के बाद आरोपी पति के खुदकुशी करने की बात सामने आई
ज़मीर हैदर । पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में अब सनसनीखेज नया घटनाक्रम सामने आया है। ताजा मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति मानस वाजपेयी ने अपनी बहन को भी गोली मारी और इसके बाद खुद को गोली मार ली।
इससे पहले गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित ICICI बैंक के बाहर दिव्या मिश्रा को गोली मारे जाने की घटना सामने आई थी। रिपोर्टों के अनुसार दिव्या को उनके पति ने फोन कर बैंक के बाहर बुलाया था। बातचीत के बाद उन पर गोली चला दी गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पारिवारिक विवाद और तलाक का मामला चल रहा था।

इसे भी पढ़ें- गोमतीनगर में दिनदहाड़े बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या, पति पर आरोप
मोबाइल संदेश ने बढ़ाया रहस्य
घटना के बाद सामने आए एक कथित मोबाइल संदेश की तस्वीर भी सामने आई है। संदेश में पत्नी की हत्या करने और उसके बाद खुद तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस संदेश की स्वतंत्र पुलिस पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है, इसलिए इसे जांच का हिस्सा मानकर ही देखा जाना चाहिए।
यह भी देखें- सद्भावना दिवस पर राजीव गांधी को नमन, वीर भूमि पहुंचे सोनिया-राहुल-प्रियंका और खड़गे
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
अपडेट: अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में आरोपी पति की अंतिम स्थिति को लेकर अलग विवरण सामने आए हैं। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही मौतों की संख्या और घटनाक्रम की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। समाचार लिखे जाने तक तफ्तीश जारी है
—-अपडेट रिपोर्ट जारी




