डीएम अरविंद सिंह पर फोन नहीं उठाने का आरोप, मंत्री ने बुके लेने से किया इनकार; वीडियो वायरल
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
एटा। उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के एटा दौरे के दौरान जिला प्रशासन और मंत्री के बीच नाराजगी का मामला सामने आया है। मंत्री ने जिलाधिकारी अरविंद सिंह पर उनका फोन नहीं उठाने का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मंत्री ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के लिए डीएम को 17 बार फोन किया, लेकिन एक बार भी कॉल रिसीव नहीं की गई। मंत्री के निजी सहायक की ओर से किए गए फोन का भी जवाब नहीं मिलने की बात कही गई।
इसे भी पढ़ें- प्रधान से जनसमस्या की शिकायत करना पड़ा भारी, अधेड़ की बेरहमी से पिटाई
बुके लेने से किया इनकार
कार्यक्रम में डीएम अरविंद सिंह जब मंत्री का स्वागत करने पहुंचे और उन्हें बुके देने का प्रयास किया तो बेबी रानी मौर्य ने बुके लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
मंत्री ने कहा कि जब एक मंत्री का फोन नहीं उठाया जाता तो आम जनता की शिकायतों का क्या हाल होता होगा। उन्होंने अधिकारियों को फोन उठाने और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाए रखने की नसीहत दी।
यह भी जानें- नेपाल में बाढ़ का रौद्र रूप: पुल-गांव तबाह, 105 भारतीय समेत सैकड़ों लापता; बिहार में हाई अलर्ट
मुख्यमंत्री से शिकायत की चेतावनी
रिपोर्टों के अनुसार मंत्री ने डीएम से कहा कि इस तरह की व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर वह मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देंगी। इस दौरान डीएम उन्हें सफाई देते हुए नजर आए।
मंत्री की नाराजगी और डीएम के सामने बने असहज माहौल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इसे भी देखें- महाराष्ट्र धर्मांतरण विरोधी कानून पर शाहनवाज आलम ने उठाए सवाल, सुप्रीम कोर्ट से समीक्षा की मांग
हालांकि, डीएम की ओर से 17 कॉल नहीं उठाने के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले का दूसरा पक्ष प्रशासन की प्रतिक्रिया के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगा।
ब्यूरो रिपोर्ट : ज़मीर हैदर




