चंद्रशेखर आजाद से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य, छात्र आंदोलन पर मंथन

चंद्रशेखर आजाद से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य

NEET पेपर लीक मुद्दे पर साझा रणनीति पर चर्चा, छात्रों के समर्थन में तेज होगा अभियान

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। नगीना से सांसद एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी (RSSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच NEET पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में छात्र-छात्राओं की मांगों, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे छात्र आंदोलन के प्रति अपना समर्थन दोहराया और कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

इसे भी देखें- अब CJP ने पीएम से सीधे इस्तीफे की मांग उठाई, एक्स पर पोस्टर जारी कर दिया संदेश

सूत्रों के अनुसार, बैठक में आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने, विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के सहयोग को मजबूत करने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

इसे भी जानें- बांग्लादेश में शुरू हुआ अमेरिका के साथ ‘टाइगर लाइटनिंग-2026’ सैन्य अभ्यास

गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को लगातार विभिन्न विपक्षी दलों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिल रहा है। NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलनकारी व्यापक सुधार और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *