नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, दुर्गंध और फिसलन से छात्र-छात्राओं समेत स्थानीय लोग बेहाल
विजय सिंह। पत्रकार सत्ता
लखनऊ। रक्षाबंधन जैसे त्योहार के बावजूद राजाजीपुरम के गौरीशंकर श्रीवास्तव मार्ग पर कूड़े का ढेर लगा रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण मुख्य मार्ग पर कई दिनों से कूड़ा पड़ा है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को दुर्गंध व गंदगी के बीच गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मुख्य मार्ग के पास ही कूड़ा डंपिंग सेंटर बना दिया गया है। इसके सामने सेंट जेम्स मिशन स्कूल और टेलीफोन एक्सचेंज, जबकि पास में दुर्गा पूजा पार्क स्थित है, जहां विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन होते हैं। लोगों का कहना है कि डंपिंग सेंटर बनाए जाने का उन्होंने पहले भी विरोध किया था और नगर निगम अधिकारियों तथा क्षेत्रीय पार्षद से इसे हटाने का अनुरोध किया गया था।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान दौरे पर रवाना, SCO समिट में आतंकवाद और क्षेत्रीय सुरक्षा पर रहेगा जोर
नाले में बह रहा कूड़ा
लोगों का आरोप है कि कूड़ा कई-कई दिनों तक नहीं उठाया जाता। बारिश के दौरान कूड़ा और गंदगी हैदर कैनाल नाले में बहने से नाले के जाम होने की समस्या भी बढ़ रही है। सड़क के एक हिस्से पर कूड़ा जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
बारिश के कारण सड़क पर फिसलन भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर चोटिल होने की स्थिति बन जाती है।
यह भी जानें- ठाकुरगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन गिरफ्तार
कूड़ा उठाने के दौरान लगता है जाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर कूड़ा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ी खड़ी होने के दौरान भी यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।
इसे भी देखें- नेपाल में तबाही: फ्लैश फ्लड से 579 लोगों की मौत, 2,482 लापता; 320 भारतीयों से संपर्क नहीं
लोगों ने नगर निगम से कूड़ा डंपिंग सेंटर को मुख्य मार्ग से हटाने, नियमित सफाई कराने और नाले में कूड़ा जाने से रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्या के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
रिपोर्ट : विजय सिंह, लखनऊ ब्यूरो




