20 जुलाई को लखनऊ में जुटेंगे विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी
खेल संवददाता
लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर 20 जुलाई को फीनिक्स पलासियो मॉल में श्रीनिवास रामानुजन ट्रॉफी इंटरनेशनल चेस डे ब्लिट्ज टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन फीनिक्स पलासियो मॉल, उत्तर प्रदेश चैस स्पोर्ट्स एसोसिएशन तथा लखनऊ चैस एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
प्रतियोगिता ब्लिट्ज प्रारूप में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को तीन मिनट तथा प्रत्येक चाल पर दो सेकंड अतिरिक्त समय मिलेगा। मुकाबले फिडे के नियमों के अनुसार स्विस प्रणाली से कराए जाएंगे।
इसे भी देखें- यूपी में विपक्षी महागठबंधन की आहट, नवंबर तक हो सकता है बड़ा राजनीतिक धमाका !
आयोजन में ओपन, महिला, वेटरन तथा विभिन्न आयु वर्गों के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और उपहार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग का समय शाम साढ़े पांच बजे निर्धारित किया गया है। प्रवेश शुल्क मात्र 10 रुपये रखा गया है। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए सक्रिय यूपीसीएसए पहचान संख्या अनिवार्य होगी। इच्छुक खिलाड़ी 19 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
इसे भी जानें- दुबग्गा की बसंतकुंज योजना में बदबू और संक्रमण से लोग परेशान, छह माह से सड़क पर बह रहा सीवर का पानी
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर युवाओं और बच्चों में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाना तथा खेल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
मुख्य बातें
- 20 जुलाई को होगा आयोजन
- प्रवेश शुल्क केवल 10 रुपये
- कई आयु वर्गों में होंगे मुकाबले




