शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद युवाओं को दिया संदेश
नई दिल्ली। पत्रकार सत्ता ब्यूरो।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद युवाओं के आंदोलन को लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं ने उन लोगों से अपना देश वापस लेना शुरू कर दिया है जिन्होंने उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया था।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि आज वह दिन है जब अलोकतांत्रिक और दमनकारी सरकार को भारत की जनता की इच्छा के सामने झुकना पड़ा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और जनशक्ति की जीत बताया।
इसे भी देखें- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, छात्र आंदोलन के दबाव के बीच लिया बड़ा फैसला
उन्होंने आंदोलन में शामिल युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि जो युवा अन्याय के खिलाफ निर्भीक होकर खड़े रहे, वही देश की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कभी अपना साहस और आत्मविश्वास कमजोर न पड़ने दें क्योंकि वे भारत की आत्मा हैं।
प्रियंका गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन तेज रहा। आंदोलन के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने सरकार से जवाबदेही तय करने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की थी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने इसे जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष का परिणाम बताया है।
इसे भी जानें- वोट ही सबसे बड़ी ताकत, सवाल पूछिए और संविधान बचाइए’ : डॉ. बीपी अशोक
हालांकि सरकार की ओर से इस मुद्दे पर विस्तृत राजनीतिक प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है। आने वाले दिनों में इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।




