प्रधानमंत्री से माफी मांगने और छात्रों पर लाठी चार्ज के दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने देशभर के छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष करने वाले युवाओं ने महत्वपूर्ण संदेश दिया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा शिक्षा व्यवस्था को फिर से संवारने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई और उनका संघर्ष लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला है।
इसे भी देखें- युवाओं की आवाज नहीं दबेगी : प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी दो प्रमुख मांगें पूरी होना बाकी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों और देश के भविष्य का सम्मान करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही छात्रों पर हुई कथित हिंसा के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई।
इसे भी जानें- जंतर मंतर पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य, छात्र आंदोलन को दिया समर्थन
राहुल गांधी ने अपने संदेश में किसानों मजदूरों गरीबों और समाज के अन्य वर्गों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिन्हें सरकार ने दबाया है उन्हें भी अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संवैधानिक तरीके से आगे आना चाहिए। उन्होंने अंत में केंद्र सरकार को हटाने का आह्वान करते हुए अपना संदेश “डरो मत” के साथ समाप्त किया।




