मंधना चौराहे पर स्कूटी और ई-रिक्शा को मारी टक्कर, छह घायल; पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
रिपोर्ट : ज़मीर हैदर, Edited by डिजिटल डेस्क
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना चौराहे पर शनिवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई लोगों और वाहनों को टक्कर मारते हुए रेलवे ट्रैक पर जा चढ़ी। हादसे में करीब छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक महिला भी शामिल है। तीन घायलों का इलाज रामा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। मंधना चौराहे पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार ने पहले स्कूटी और ई-रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद चाय की दुकान, हेयर सैलून समेत करीब तीन दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए रेलवे ट्रैक पर जा चढ़ी।
इसे भी देखें- भाजपा ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी की चाकुओं से गोदकर हत्या, बरेली में सनसनी
हादसे की चपेट में नाई की दुकान पर बाल कटवा रहा युवक भी आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक कुर्सी समेत रेलवे ट्रैक की ओर जा गिरा। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कार पर लिखा था ‘उत्तर प्रदेश शासन’
दुर्घटनाग्रस्त कार पर ‘उत्तर प्रदेश शासन’ लिखा होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक कार चालक की पहचान नारामऊ निवासी इकबाल के रूप में हुई है। रिपोर्टों के अनुसार वह जिलाधिकारी के पीआरओ को कार्यालय छोड़ने के बाद वापस नारामऊ लौट रहा था।
यह भी जानें- त्योहारों के सीजन में राजाजीपुरम मुख्य मार्ग पर कूड़े का ढेर, राहगीर परेशान
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जेसीबी से रेलवे ट्रैक से हटाई कार
घटना की सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक पर पलटी कार को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके बाद सड़क और रेल यातायात को सुचारू कराया गया।
इसे भी देखें- नेपाल में बाढ़ का रौद्र रूप: पुल-गांव तबाह, 105 भारतीय समेत सैकड़ों लापता; बिहार में हाई अलर्ट
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे में घायल लोगों की स्थिति और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।




