देवरिया | पत्रकार सत्ता ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में सरकारी भूमि पर स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर गुरुवार को बड़ा विवाद हो गया। प्रतिमा हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।
प्रशासन का कहना है कि प्रतिमा सरकारी भूमि पर बिना अनुमति स्थापित की गई थी। अधिकारियों ने पहले ग्रामीणों से प्रतिमा हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन सहमति न बनने पर प्रशासन कार्रवाई के लिए पहुंचा। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई।
इसे भी पढ़ें- आरक्षण की समय सीमा पर नया विवाद, पूर्व IPS डॉ. बी.पी. अशोक ने गिनाए संविधान के अनुच्छेद
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी घायल हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
यह भी देखें- दानपात्र लेकर भागे ‘पुजारी’ पप्पू यादव! संसद में विपक्ष का अनोखा विरोध, संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
मामले की जांच जारी है। समाचार लिखे जाने तक किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।




