राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई, बोले- वायरल वीडियो भ्रामक

राष्ट्रगान विवाद पर सतीश महाना की सफाई

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
उन्नाव/लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से जुड़े एक वायरल वीडियो को लेकर रविवार को सियासी विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच महाना वहां से चले गए। कांग्रेस ने वीडियो साझा कर उनसे और भाजपा से माफी मांगने की मांग की।

मामला 22 अगस्त को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के कार्यक्रम का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में महाना गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान सलामी मंच से नीचे उतरकर जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ राष्ट्रगान के अपमान के आरोप लगाए गए।

इसे भी पढ़ें- पर्वतीय समाज की रामलीला 14 से 21 अक्टूबर तक

महाना बोले- दोनों कार्यक्रम अलग-अलग थे

विवाद बढ़ने के बाद सतीश महाना ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए वायरल वीडियो को भ्रामक तरीके से पेश किया गया वीडियो बताया। उन्होंने कहा कि उन्नाव में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था और उसी समय संयोगवश ऑडिटोरियम के अंदर राष्ट्रगान शुरू हुआ। उनके मुताबिक दोनों कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर हो रहे थे और वह उस समय ऑडिटोरियम के अंदर मौजूद नहीं थे।

महाना ने कहा कि उन्होंने और उनके कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों ने हमेशा संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने मीडिया से किसी भी विषय पर खबर चलाने से पहले तथ्यों की सत्यता जांचने की अपील की।

इसे भी जानें- वाहन चालक कांवड़ियों को चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बांटे हेलमेट

आयोजकों ने भी दी सफाई

कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने भी महाना के पक्ष में स्पष्टीकरण दिया। उनका कहना है कि जिस स्थान पर विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, वहां राष्ट्रगान नहीं बज रहा था। राष्ट्रगान मुख्य कार्यक्रम स्थल यानी सभागार के अंदर हो रहा था, जिसकी आवाज बाहर सलामी स्थल तक पहुंच रही थी।

वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने वायरल वीडियो के आधार पर महाना पर सवाल उठाए हैं। इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। फिलहाल विवाद के दोनों पक्षों—विपक्ष के आरोप और महाना व आयोजकों की सफाई—सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *