82 देशों के 50 हजार विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा, फाइनल तक पहुंचकर किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए श्री गुलाबराय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड शाखा के कक्षा 10 के छात्र श्रेयस सौरभ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। श्रेयस ने जर्मनी के हैम्बर्ग स्थित संस्था एडुहार्बर के ग्लोबल क्वांटम मैकेनिक्स चैलेंज 2026 के जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘गोल्ड हॉनर फॉर एक्सेप्शनल परफॉर्मेंस’ हासिल किया।
ऑनलाइन आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में विद्यार्थियों की क्वांटम फिजिक्स की समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल को परखा गया। प्रतियोगिता में 82 देशों के करीब 50 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को जूनियर (अंडर-16), यूथ (16 से 25 वर्ष) और सीनियर (26 वर्ष एवं उससे अधिक) तीन आयु वर्गों में बांटा गया था।
इसे भी जाने- भारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8%; PM मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
प्रतियोगिता का क्वालिफिकेशन राउंड 29 जून को आयोजित हुआ, जिसमें करीब 50 हजार प्रतिभागियों में से लगभग एक हजार विद्यार्थियों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया। 26 जुलाई को हुए सेमीफाइनल के बाद विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 82 देशों के करीब 500 प्रतिभागियों ने 25 अगस्त को फाइनल राउंड में प्रतिभाग किया।
फाइनल तक पहुंचकर श्रेयस ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय दिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड हॉनर हासिल किया। क्वांटम मैकेनिक्स जैसे आधुनिक एवं चुनौतीपूर्ण विज्ञान क्षेत्र में यह उपलब्धि उसकी वैज्ञानिक सोच, विषय के प्रति रुचि और मेहनत को दर्शाती है।
श्रेयस की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल और प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
रिपोर्ट : निर्भय सक्सेना




