करीब 18 घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान शव झाड़ियों में फंसा मिला
कन्नौज। पत्रकार सत्ता।
कन्नौज के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में पति से विवाद के बाद काली नदी में कूदकर लापता हुई 20 वर्षीय लाली उर्फ शिखा का शव शनिवार को बरामद हो गया। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने लगातार तलाश अभियान चलाया। करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद महिला का शव घटना स्थल से लगभग 100 मीटर दूर नदी में झाड़ियों के बीच फंसा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकलकर काली नदी पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया। शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इसे भी देखें- यूपी में डीएसपी स्तर पर बड़ा फेरबदल 111 अधिकारियों के तबादले
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया छात्रों की बड़ी जीत




