दुबग्गा की बसंतकुंज योजना में बदबू और संक्रमण से लोग परेशान, छह माह से सड़क पर बह रहा सीवर का पानी

लखनऊ में छह माह से बह रहा सीवर का पानी स्थानीय लोगों में नाराजगी

दुबग्गा की बसंतकुंज योजना में लोगों ने नगर निगम और एलडीए से की तत्काल कार्रवाई की मांग

पत्रकार सत्ता न्यूज़
लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र स्थित बसंतकुंज योजना के सेक्टर 58 और 59 के बीच की गली पिछले लगभग छह माह से सीवर के बदबूदार पानी से प्रभावित है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से स्थानीय नागरिकों का आवागमन कठिन हो गया है। बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है तथा संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत परियोजना से जुड़े ठेकेदारों, सफाई कर्मियों तथा क्षेत्रीय प्रबंधन से कई बार मौखिक और लिखित रूप में की है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार विभाग एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे और समस्या जस की तस बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें- माल ढुलाई में बड़ा सुधार लागू, पूरे देश के लिए एक समान लाइसेंस व्यवस्था

गली में लगातार जमा और बह रहे सीवर के पानी से सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम के समय बदबू और अधिक बढ़ जाने से आसपास का वातावरण दूषित हो जाता है।

इसे भी जानें- सेवा क्षेत्र की मासिक गतिविधियों का अब होगा नियमित आकलन, देश को मिला सेवा क्षेत्र का नया आर्थिक पैमाना

स्थानीय नागरिकों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम से मांग की है कि सीवर लाइन की तत्काल जांच कर खराबी दूर कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शन करने को विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *