निर्भय सक्सेना। पत्रकार सत्ता
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की ग्रेटर बरेली योजना में जलधारा के दोनों ओर भव्य कैनाल फ्रंट विकसित किया जाएगा। प्रदेश में अपनी तरह की इस अनूठी पहल के तहत क्षेत्र को हरियाली, फूलों, फव्वारों और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाएगा।
मंडलायुक्त बरेली शंभू कुमार के निर्देशन में विकसित हो रही योजना के सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों को विकसित करने की योजना है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार यहां पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान और खान-पान के केंद्र बनाए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें- शमसुल हसन उमरा ने मनन मिश्रा को घेरा, बोले- ‘इस्तीफा देना पड़ेगा’
कैनाल फ्रंट पर विभिन्न प्रजातियों के फूलों और आकर्षक पुष्प संरचनाओं के साथ फव्वारे व विशेष लाइटिंग की व्यवस्था होगी। बच्चों और युवाओं के लिए झूले तथा क्रिकेट बैट, शटलकॉक, ग्लोब आदि थीम आधारित कलात्मक संरचनाएं भी विकसित की जाएंगी।
इसे भी जानें- नेहा राठौर बोलीं- गालियां और FIR से नहीं डरती, राहुल गांधी ने कहा- मैं भी नहीं सुधर रहा
भविष्य में यहां वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें सामाजिक संस्थाओं और पुष्प प्रेमियों को जनभागीदारी के माध्यम से मंच दिया जा सकेगा। बीडीए का मानना है कि कैनाल फ्रंट बरेली में पर्यटन, मनोरंजन, पर्यावरण और नागरिक सुविधाओं का नया केंद्र बन सकता है।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो




