ज़मीर हैदर। पत्रकार सत्ता
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया। पुलिस को उसके बुलंदशहर में मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
मामला 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। संजय कुमार ने आरोप लगाया था कि झड़प के दौरान उनके सिर पर चोट लगी थी। घटना के बाद स्वतंत्र भारद्वाज का एक कथित पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने घटना के संबंध में अपनी भूमिका की बात कही थी। इसके बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड में नया खुलासा, वारदात से एक घंटे पहले खरीदा था नया सिम
हालांकि स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बचाव में दावा किया है कि उसने हमला नहीं किया, बल्कि खुद को बचाने के लिए कार्रवाई की थी। उसका कहना है कि उसे कई लोगों ने घेर लिया था और इसी दौरान उसके हाथ में पहने कड़े से संजय कुमार को चोट लगी।
दिल्ली पुलिस ने इससे पहले मामले में राजनीतिक दबाव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि संजय कुमार की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच कानून के अनुसार की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा था कि मेडिकल रिपोर्ट में सिर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है।
इसे भी जानें- ओवैसी से अलग राह, कांग्रेस के साथ वकार; अब यूपी में किसके वोट पर पड़ेगा असर?
अब स्वतंत्र भारद्वाज के हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ




