फरार शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश तेज, CCTV में कैद हुई सिम खरीदने की पूरी गतिविधि
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
शामली। हरियाणवी सिंगर और यू-ट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस के मुताबिक फरार शूटर सत्यम कादियान और आर्यन सिंधू ने हत्या को अंजाम देने के लिए शामली रवाना होने से करीब एक घंटे पहले करनाल में नए सिम कार्ड खरीदे थे। दोनों द्वारा सिम खरीदने और उसे एक्टिवेट कराने की गतिविधि मोबाइल शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने अपनी-अपनी आईडी पर सिम खरीदे। जांच एजेंसियों का मानना है कि मोबाइल लोकेशन के जरिए पकड़े जाने से बचने के लिए वारदात से ठीक पहले नंबर बदलने की तैयारी की गई थी। पुलिस ने करनाल से शामली और वारदात के बाद आरोपियों के भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनकी गतिविधियों की कड़ी जोड़नी शुरू कर दी है। अब तक करीब 15 स्थानों पर दोनों की मूवमेंट ट्रेस किए जाने की बात सामने आई है।
इसे भी देखें- पत्रकार सत्ता, 03 सितम्बर E-पेपर, 2026 का अंक
GPS से अंकित की जा रही थी निगरानी
जांच में पुलिस को यह भी पता चला है कि सत्यम कादियान ने अंकित की गाड़ी में GPS डिवाइस लगाया था। इसके जरिए अंकित की लोकेशन पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस के अनुसार हत्या के समय सत्यम और आर्यन दूसरी बाइक पर मोहित और सुमित के साथ थे। मोहित और सुमित बाद में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए, जबकि सत्यम और आर्यन फरार हैं।
दोनों पर एक-एक लाख का इनाम
पुलिस ने फरार शूटर सत्यम कादियान और आर्यन सिंधू पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की तलाश में शामली पुलिस के साथ करनाल STF भी जुटी है। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी है और CCTV तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंस्पेक्टर भांजने लगे लाठी; हाईवे पर लगा जाम, आगरा में UGC विरोधी प्रदर्शन में बवाल
पम्पू और रोहित से पूछताछ की तैयारी
हत्याकांड की साजिश की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पम्पू और तिहाड़ जेल में बंद रोहित को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। पुलिस इनसे हत्या की साजिश, हथियारों की व्यवस्था और शूटरों से संपर्क के संबंध में पूछताछ करना चाहती है।
पुलिस की जांच अब फरार दोनों शूटरों तक पहुंचने के साथ-साथ हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा करने पर केंद्रित है। नए सिम की खरीद, GPS ट्रैकिंग और CCTV फुटेज को जांच की अहम कड़ियां माना जा रहा है।
रिपोर्ट – ज़मीर हैदर, लखनऊ




