दिल्ली में 2 अगस्त को होगा अभिनंदन समारोह, पसमांदा महाज़ के मुद्दों पर होगी चर्चा
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली । वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक यूसुफ़ अंसारी को आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए जाने के बाद पसमांदा समाज में खुशी की लहर है। देशभर से उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ (AIPMM) ने उनके सम्मान में दिल्ली में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित करने की घोषणा की है।
महाज़ की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह कार्यक्रम 2 अगस्त 2026 को शाम 5:30 बजे दिल्ली स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। समारोह में संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार इंजीनियर अख्तर हुसैन अंसारी, जो वर्तमान में दुबई में रह रहे हैं, विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संगठन ने उनके सम्मान का भी निर्णय लिया है।
इसे भी पढ़ें- LDA मुआवजा विवाद: BKT में किसानों का प्रदर्शन, 15 दिन का अल्टीमेटम
यूसुफ़ अंसारी पिछले करीब दो दशकों से पत्रकारिता और राजनीतिक विश्लेषण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। राष्ट्रीय राजनीति, सामाजिक न्याय, पसमांदा समाज, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और संवैधानिक विषयों पर उनकी सक्रिय उपस्थिति रही है। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया के माध्यम से उन्होंने कई सामाजिक मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया है।
हाल ही में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागिना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने यूसुफ़ अंसारी को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नियुक्ति से पार्टी की मीडिया रणनीति और पसमांदा समाज के साथ संवाद को नई मजबूती मिल सकती है।
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ का कहना है कि यूसुफ़ अंसारी की यह नियुक्ति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पसमांदा समाज के लिए सम्मान और गौरव का विषय है। संगठन के अनुसार उन्होंने लंबे समय से शिक्षा, सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को लगातार मुखरता से उठाया है। इन्हीं योगदानों के सम्मान में यह अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है।
इसे भी जाने- आंध्र प्रदेश की विकास गति की पीएम मोदी ने की सराहना, युवाओं के लिए बताया सुनहरा अवसर
कार्यक्रम के दौरान पसमांदा समाज की सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन के विस्तार जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। महाज़ ने दिल्ली इकाई के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




