लखीमपुर खीरी, (पत्रकार सत्ता जिला ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद आनंद भदौरिया ने Global Bharat TV (GB TV Media Network Private Limited, गाजियाबाद) के विरुद्ध लखीमपुर कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सांसद का आरोप है कि चैनल द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो एवं पोस्ट में समाजवादी पार्टी के 26 सांसदों के संबंध में झूठी एवं भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई, जिसमें उनका नाम भी शामिल किया गया।
19 जून 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर लखीमपुर को संबोधित तहरीर में सांसद ने कहा है कि 18 जून 2026 को Global Bharat TV के आधिकारिक फेसबुक पेज और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें दावा किया गया कि समाजवादी पार्टी के 26 सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं। सांसद का आरोप है कि यह सूचना पूरी तरह असत्य है और इससे उनकी व्यक्तिगत तथा राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है।
Read This : लखनऊ: हैदर कैनाल बांध की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, विभाग ने नोटिस जारी किया
तहरीर में कहा गया है कि इस प्रकार की सामग्री से जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई तथा समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई। सांसद ने इसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत संज्ञेय अपराध बताते हुए पुलिस से प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। तहरीर के अनुसार, शिकायत 19 जून 2026 को लखीमपुर में दी गई।
पुलिस की कार्रवाई का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने की आधिकारिक पुष्टि या प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी। इसलिए यह समाचार उपलब्ध तहरीर के आधार पर प्रकाशित किया जा रहा है। पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि मिलने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।




