मायावती का बड़ा बयान: उम्मीदवार चयन पर उठे सवालों को बताया दुष्प्रचार, मिशन-2027 पर बसपा का फोकस

मायावती

लखनऊ, (पत्रकार सत्ता ब्यूरो) । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष Mayawati ने पार्टी के उम्मीदवार चयन और आर्थिक सहयोग को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कुछ राजनीतिक ताकतें और मीडिया का एक वर्ग चुनाव नजदीक आते ही बसपा और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं।

अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर जारी विस्तृत बयान में मायावती ने कहा कि बसपा देश में बहुजन समाज तथा समाज के गरीब, शोषित, पीड़ित और उपेक्षित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने वाली “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की विचारधारा वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी बड़े पूंजीपतियों या उद्योगपतियों के सहयोग से नहीं, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के तन, मन और धन के बल पर संचालित होती है।

 

मायावती ने आरोप लगाया कि संकीर्ण, जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी ताकतों को बसपा की कार्यप्रणाली स्वीकार नहीं है। इसी कारण समय-समय पर, विशेषकर चुनाव से पहले, पार्टी और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के प्रयास किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया का एक वर्ग दूसरी राजनीतिक पार्टियों की चुनावी गतिविधियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए बसपा के उम्मीदवार चयन को लेकर सवाल खड़े करता है। मायावती के अनुसार, पार्टी को मिलने वाला आर्थिक सहयोग कानून के दायरे में चुनावी गतिविधियों और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए खर्च किया जाता है, इसलिए इस संबंध में अफवाहें फैलाना उचित नहीं है।

बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी इस समय संगठन को मजबूत करने, जनाधार बढ़ाने तथा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और उनकी विस्तृत स्क्रीनिंग में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि संभावित उम्मीदवारों से उनकी सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक स्थिति, पार्टी के प्रति निष्ठा तथा दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को परखने के लिए विस्तृत प्रश्न पूछे जाते हैं, जिसे गलत अर्थों में नहीं लिया जाना चाहिए।

Read This : सपा सांसद आनंद भदौरिया ने Global Bharat TV के खिलाफ दी तहरीर, 26 सांसदों पर ‘झूठी खबर’ फैलाने का आरोप

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे विरोधियों के कथित दुष्प्रचार से प्रभावित न हों और “मिशन-2027” को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने दावा किया कि बसपा की तैयारियों से राजनीतिक विरोधियों की चिंता बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *