दिल्ली SIR पर संजय सिंह का बड़ा आरोप, बोले- यूपी-बिहार के लोगों के 47 लाख वोट काटे गए

दिल्ली SIR पर संजय सिंह का बड़ा आरोप

AAP सांसद ने कहा- नाम वापस नहीं जोड़े गए तो होगा बड़ा आंदोलन, 24 अगस्त को आएगी दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट

पत्रकार सत्ता | डिजिटल डेस्क
नई दिल्ली। दिल्ली की मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि दिल्ली की वोटर लिस्ट से यूपी, बिहार और पूर्वांचल के लोगों के बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं।

संजय सिंह ने सवाल उठाया कि “क्या यूपी, बिहार और पूर्वांचल के हमारे भाई-बहन बांग्लादेशी हैं?” उन्होंने दावा किया कि SIR के नाम पर दिल्ली में करीब 47 लाख वोट काट दिए गए हैं और चेतावनी दी कि नाम वापस नहीं जोड़े गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इसे भी जानें- 40 करोड़ की स्मार्ट सड़क धंसी, नर्मदा लाइन की टेस्टिंग में खुली निर्माण गुणवत्ता की पोल!

हालांकि, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी ताजा जानकारी के मुताबिक दिल्ली में करीब 1.45 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 97.47 लाख ने SIR के लिए अपने Enumeration Form जमा किए हैं। करीब 47.9 लाख मतदाताओं के फॉर्म अभी जमा नहीं हुए हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम 24 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकते।

यह अभी ड्राफ्ट सूची है। जिन मतदाताओं के नाम इसमें नहीं होंगे, उनके लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया उपलब्ध होगी और दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जानी है।

इसे भी पढ़े- गोवा में कांग्रेस की सरकार बनी तो नशा बंद होगा, जल-जंगल-जमीन बचाएंगे: खड़गे

ऐसे में संजय सिंह के आरोपों के बीच अब नजर 24 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट सूची पर रहेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितने नाम वास्तव में बाहर रह गए और कितने मतदाताओं को दावे-आपत्ति की प्रक्रिया के जरिए फिर सूची में शामिल किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *