चंद्रशेखर आज़ाद ने दिलाया पसमांदा समाज को सियासत और सत्ता में हिस्सेदारी का भरोसा

चंद्रशेखर आज़ाद ने पसमांदा समाज को सियासत और सत्ता में हिस्सेदारी का दिया भरोसा

‘ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज में वरिष्ठ पत्रकार यूसुफ़ अंसारी को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर जगाया चंद्रशेखर का आभार’

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद ने ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट भरोसा दिलाया है कि पसमांदा मुस्लिम समाज को सियासत में साझेदारी और सत्ता में हिस्सेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज और विकास की दौड़ में पीछे छूट गए हर वंचित तबके की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाया जाएगा। इस भरोसे पर पसमांदा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि संतुष्ट नजर आए और उन्होंने देश भर में आज़ाद समाज पार्टी को समर्थन देने का संकल्प दोहराया।

इससे पहले महाज ने हाल ही में नियुक्त किए गए आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता यूसुफ़ अंसारी के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित कर चंद्रशेखर आज़ाद का धन्यवाद किया था। मंगलवार की शाम को हुई इस मुलाकात में भी महाज की तरफ से यूसुफ अंसारी को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर की गई।श महाज ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी पहली पार्टी है जिसने पसमांदा समाज की मुखर आवाज को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाकर उसे इज्जत बख्शी है। इसलिए महाज की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह पूरी ताकत से आज़ाद समाज पार्टी को देशभर में समर्थन दे।

इसे भी पढ़ें- पत्रकारिता से राजनीति तक, यूसुफ़ अंसारी की नई पारी

ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय सलाहकार जनाब ई. अख्तर हुसैन के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चंद्रशेखर आज़ाद से उनके नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय पर पर शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर श्री चंद्रशेखर आज़ाद तथा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता जनाब यूसुफ़ अंसारी ने सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

लगभग 90 मिनट तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में पसमांदा समाज की सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक भागीदारी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर एवं विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सामाजिक न्याय, पसमांदा समाज की राजनीतिक भागीदारी तथा भविष्य की रणनीति पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सामाजिक सरोकारों और पसमांदा समाज के अधिकारों को लेकर सार्थक संवाद हुआ।

यह भी जानें- जनेश्वर मिश्र के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प, अखिलेश बोले- सम्मान और समाजवाद की राह जारी रहेगी

प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय एवं अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं में पसमांदा मुस्लिम समाज की न्यायोचित एवं सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने, आगामी चुनावों में योग्य एवं जमीनी पसमांदा मुस्लिम उम्मीदवारों को पर्याप्त संख्या में टिकट देने, पार्टी संगठन के विभिन्न स्तरों पर पसमांदा समाज की प्रभावी भागीदारी एवं नेतृत्व बढ़ाने तथा सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक एवं रोजगार संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने का आग्रह किया। सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा संविधान की मूल भावना के अनुरूप वंचित वर्गों के सशक्तिकरण हेतु सुझाव और सहयोग मांगा गया।

प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से जनाब ई. अख्तर हुसैन (राष्ट्रीय सलाहकार), वरिष्ठ पत्रकार जनाब राहत मुश्ताक रईन, वरिष्ठ अधिवक्ता जनाब शाहिद अतहर अंसारी, जनाब सज्जाद हुसैन अंसारी, जनाब हाजी मोहम्मद ज़फ़र अंसारी, जनाब डॉ. शारिद जमील अंसारी, जनाब रेहान अंसारी, जनाब मोहसिन अंसारी, जनाब माजिद हुसैन खान तथा श्री विनय भूषण (पसमांदा बुद्धिजीवी) शामिल थे। ज्ञापन में शारिक अदीब अंसारी, प्रो. खुर्शीद अंसारी, इं. नफीस मंसूरी, डॉ. शारिद जमाल अंसारी, अधि. जावेद सिद्दीकी, प्रो. कहकशाँ सहित अन्य सदस्यों के नाम भी शामिल थे।

इसे भी देखें- ‘धार्मिक आरक्षण बिना परीक्षा 100% मिलता है’ : पूर्व आईपीएस डॉ. बी.पी. अशोक का दावा, छिड़ी नई बहस

बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पसमांदा समाज के उत्थान, समान भागीदारी तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भविष्य में भी निरंतर संवाद और सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। आशा व्यक्त की गई कि यह संवाद पसमांदा समाज की लोकतांत्रिक भागीदारी एवं सामाजिक न्याय की दिशा में सकारात्मक और सार्थक पहल सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *