हल्द्वानी में बोले खड़गे—डिग्री मिल रही, लेकिन युवाओं के हाथ में हुनर और रोजगार नहीं

खड़गे का केंद्र पर हमला, शिक्षा-रोजगार और पेपर लीक पर सरकार को घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष का केंद्र पर हमला: रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल, पेपर लीक पर सरकार को घेरा

पत्रकार सत्ता। डिजिटल डेस्क
हल्द्वानी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड दौरे के दौरान केंद्र सरकार की शिक्षा और रोजगार नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा और रोजगार व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। खड़गे ने दावा किया कि युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन उनके पास रोजगार के लिए जरूरी कौशल और पर्याप्त अवसर नहीं हैं।

खड़गे ने अपने आधिकारिक सामाजिक माध्यम पोस्ट में कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत वर्ष 2025 तक 50 प्रतिशत छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन उनके मुताबिक इसका बेहद कम हिस्सा ही धरातल पर उतर पाया। उन्होंने सरकार की योजनाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।

इसे भी जानें- दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज पर फिर संकट, 2027 विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफिकेशन मुश्किल

हर साल लाखों युवा रोजगार की दौड़ में पीछे

कांग्रेस अध्यक्ष ने रोजगार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में हर वर्ष करीब 50 लाख स्नातक तैयार होते हैं, जबकि स्नातक स्तर पर लगभग 28 लाख नौकरियां ही उपलब्ध हो पाती हैं। उनके मुताबिक इस अंतर की वजह से हर साल बड़ी संख्या में युवाओं के रोजगार के अवसर सीमित हो जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियां रोजगार पैदा करने वाले निवेश पर पर्याप्त जोर देने के बजाय कुछ बड़े औद्योगिक समूहों को लाभ पहुंचाने वाली दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

इसे भी देखें- चुनावी मोड में आयी भाजपा , यूपी में क्षेत्र और मोर्चा प्रभारियों की नई टीम उतारी

भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक पर सरकार को घेरा

खड़गे ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं सहित विभिन्न भर्तियों में कथित पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है और भर्ती माफिया को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ खड़े होकर उनकी आवाज संसद तक पहुंचाने की कोशिश की है।

छात्रों पर कार्रवाई को लेकर गृह मंत्रालय से जवाब मांगा

कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद के बाहर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया गया और इस मामले में प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृह मंत्री से संसद में जवाब मांगा जा रहा है।

खड़गे ने दावा किया कि विपक्ष पिछले कई दिनों से इस मुद्दे को संसद में उठा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि यदि लोकतंत्र में जनता और युवाओं के सवालों का जवाब सरकार नहीं देगी तो जवाबदेही किसकी होगी।

हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा में उम्दा जान सैलाब।
हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा में उम्दा जान सैलाब।

‘देवभूमि’ और सैनिकों की धरती को किया नमन

हल्द्वानी में खड़गे ने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरों की भूमि बताते हुए राज्य के लोगों को नमन किया। उन्होंने कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट की देशसेवा का उल्लेख करते हुए उत्तराखंड के सैन्य योगदान की सराहना की।

खड़गे ने कहा कि इसी धरती से देश को परमवीर चक्र पाने वाला पहला वीर सपूत मिला था। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों से देश की रक्षा में राज्य के योगदान पर गर्व करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें- “अगर सभी बरी हैं, तो 6 लोगों की हत्या किसने की?” डांगावास फैसले पर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष के बयान में शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं के प्रदर्शन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। उनके आरोपों पर केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *