पेस्टीसाइड कारोबारियों के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नैनीताल के लग्जरी रिसॉर्ट से 52 गिरफ्तार

नैनीताल के लग्जरी रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल पार्टी पर पुलिस का छापा

उत्तराखंड ब्यूरो
रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में आयोजित हाई-प्रोफाइल पार्टी पर पुलिस की छापेमारी ने कई राज्यों में फैले पेस्टीसाइड कारोबारियों के नेटवर्क को जांच के दायरे में ला दिया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 52 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। इनमें एक नाबालिग होने की भी बात पुलिस ने कही है। मामले में रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है और कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इसे भी पढ़ें- पत्रकार सत्ता की खबर पर लगी मुहर: अब 2027 के लिए नया राजनीतिक मोर्चा तैयार?

कैसे हुआ खुलासा?

पुलिस के अनुसार एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और रामनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार देर रात रिसॉर्ट में छापा मारा। वहां कथित तौर पर शराब पार्टी चल रही थी और व्यावसायिक यौन शोषण से जुड़ी गतिविधियों के संकेत मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए।

यह भी जानें- Exclusive: ‘कांग्रेस’ से ‘आजाद’ होने की तैयारी में पूर्व मंत्री ‘मसूद अहमद’ !

मेरठ के कारोबारी पर आयोजन का आरोप

पुलिस के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन मेरठ निवासी उमेंद्र कुमार ने किया था, जो पेस्टीसाइड कारोबार से जुड़े बताए गए हैं। जांच में आरोप है कि उन्होंने 4-5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया था और अपने डीलरों के लिए यह आयोजन किया था।

कई राज्यों के डीलर पहुंचे थे

प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार लोगों में बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न जिलों के लोगों की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर आरोपियों की जो सूची वायरल हो रही है, उसमें बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, मेरठ, आजमगढ़, पीलीभीत, सीतापुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कानपुर देहात, औरैया, दिल्ली और गाजियाबाद सहित कई जिलों के नाम शामिल हैं।

इसे भी देखें- वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनेगा वैश्विक खेल मानचित्र की नई पहचान

हालांकि, पत्रकार सत्ता इस वायरल सूची की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। पुलिस की ओर से आधिकारिक नामावली जारी होने के बाद ही अंतिम पुष्टि संभव होगी।

10 महिलाओं को बुलाने का आरोप

पुलिस का दावा है कि पार्टी में शामिल महिलाओं को कथित तौर पर करीब 10-10 हजार रुपये का भुगतान तय किया गया था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि महिलाओं को किस नेटवर्क के माध्यम से लाया गया और क्या इसके पीछे मानव तस्करी का संगठित गिरोह सक्रिय था।

रिसॉर्ट प्रबंधन भी जांच के घेरे में

जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि रिसॉर्ट के महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को मेहमानों और महिलाओं के नाम विजिटर रजिस्टर में दर्ज नहीं करने के निर्देश दिए थे। पुलिस इसे साक्ष्य मिटाने की कोशिश मान रही है। रिसॉर्ट के महाप्रबंधक की तलाश जारी है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा?

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *