राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने 500 से अधिक लाभार्थियों को दी योजना की जानकारी, 15 महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
जौनपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली और होली के अवसर पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। जौनपुर जनपद में योजना के तहत आच्छादित 4,12,891 लाभार्थियों के बैंक खातों में दो चरणों में सब्सिडी की धनराशि अंतरित की जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में निःशुल्क गैस रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर और भाजपा मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने 500 से अधिक उज्ज्वला लाभार्थियों को योजना की जानकारी दी। राज्यमंत्री, अन्य जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने 15 चिह्नित लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
इसे भी जानें- दीपावली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, यूपी पुलिस और अग्निशमन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
दीपावली और होली पर दो चरणों में मिलेगी सब्सिडी
कार्यक्रम में बताया गया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत कुल 4,12,891 लाभार्थी शामिल हैं। योजना के तहत दीपावली के अवसर पर गैस रिफिल की बुकिंग के सापेक्ष सब्सिडी की धनराशि 31 दिसंबर 2026 तक लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने का प्रावधान है। वहीं, होली के अवसर पर दूसरे चरण में एक जनवरी 2027 से 31 मार्च 2027 तक की गई गैस रिफिल बुकिंग के सापेक्ष सब्सिडी की धनराशि खातों में अंतरित की जाएगी।
लाभार्थियों को बताया गया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी अपडेट होना आवश्यक है। पात्र उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी पूरी कराने और शासन की विशेष सब्सिडी एवं निःशुल्क उज्ज्वला गैस रिफिल योजना का लाभ उठाने की अपील की गई।
यह भी देखें- पत्रकार सत्ता 04 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक
गरीब परिवारों को त्योहार पर राहत देना सरकार का उद्देश्य : गिरीश चन्द्र यादव
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का जीवन सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया गया है। दीपावली के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी देना सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गरीब परिवार भी त्योहार खुशियों और सम्मान के साथ मना सकें। इस दिशा में उज्ज्वला योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता, जौनपुर ब्यूरो




