वसुंधरा चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूटे, दीवार में आई दरार; एसी में धमाके से लेकर साजिश तक सभी पहलुओं की पड़ताल, शुरुआती जांच में विस्फोटक और केमिकल के अवशेष नहीं मिले
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुए जोरदार धमाके से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना के समय चौकी में एक उपनिरीक्षक मौजूद थे, जबकि सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय भी वहां था। टूटे शीशे के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एटीएस, फोरेंसिक और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक तौर पर धमाके की वजह एसी यूनिट में विस्फोट होने की आशंका जताई गई। हालांकि, पुलिस ने घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। डीसीपी रिजुल कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटनास्थल से विस्फोटक सामग्री, बारूद या केमिकल के अवशेष नहीं मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र कर आगे की जांच के लिए भेजे हैं।
इसे भी देखें- पत्रकार सत्ता 07 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक
एटीएस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
धमाके की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक साइंस लैब, बम निरोधक दस्ते और उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चौकी के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए गए। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका एसी यूनिट में किसी तकनीकी खराबी, पटाखे या किसी अन्य वस्तु के कारण हुआ।
डिलीवरी बॉय को लगे कांच के टुकड़े, अब हालत ठीक
घटना के समय चौकी में मौजूद उपनिरीक्षक सुरक्षित रहे। धमाके के दौरान खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए, जिनकी चपेट में आने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उसकी हालत अब ठीक है।
इसे भी जानें- डेढ़ करोड़ की लूट का मास्टरमाइंड निकला मुकदमा लिखाने वाला, 1.23 करोड़ रुपये बरामद
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के दावे की भी जांच
धमाके के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित संगठन की ओर से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे दावों की सत्यता की जांच किए जाने की बात कही है। फिलहाल किसी संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां धमाके की प्रकृति और इसके पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति का योगदान अतुलनीय : संजीव अग्रवाल
वसुंधरा पुलिस चौकी में हुआ यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। अब सभी की निगाहें फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट हो सकेगा कि चौकी में हुआ विस्फोट दुर्घटना था या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी।




