दीपावली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, यूपी पुलिस और अग्निशमन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

दीपावली पर पटाखों को लेकर यूपी पुलिस की एडवाइजरी, जानें सुरक्षा नियम

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने की सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस और अग्निशमन विभाग ने पटाखों की बिक्री तथा आतिशबाजी को लेकर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अग्निशमन विभाग ने पटाखों की दुकानों पर आग से बचाव के इंतजाम करने के साथ ही आम लोगों से आतिशबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि पटाखों की दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य है। एक स्थान पर 50 से अधिक पटाखों की दुकानें नहीं लगाई जानी चाहिए। दुकानों के ऊपर से बिजली के तार नहीं गुजरने चाहिए और प्रत्येक दुकान पर लाइसेंसधारी दुकानदार की मौके पर मौजूदगी जरूरी है। इसके अलावा पटाखों की दुकानों पर पानी से भरी बाल्टी रखना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा सके।

इसे भी पढ़े- पत्रकार सत्ता 04 नवंबर E-पेपर, 2026 का अंक

अग्निशमन विभाग ने आम लोगों को भी पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है। पटाखे जलाने के दौरान पास में पानी से भरी बाल्टी जरूर रखें। फुलझड़ी जलाने के बाद उसे सीधे कूड़े में फेंकने के बजाय पानी में डालें। आतिशबाजी करते समय सूती कपड़े पहनें और बिजली के तारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अभिभावकों से विशेष रूप से अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और उनकी आतिशबाजी के दौरान निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इसे उत्साह के साथ मनाने के साथ-साथ सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखना जरूरी है।

इसे भी जानें- भेदभाव और तुष्टिकरण से मुक्त व्यवस्था ही रामराज्य की संकल्पना : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अंकुश मित्तल ने लोगों से अपील की कि वे अग्निशमन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सावधानीपूर्वक दीपावली मनाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

रिपोर्ट- पत्रकार सत्ता, लखनऊ ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *