लखनऊ,(पत्रकार सत्ता ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर से संबद्ध राजकीय कृषि महाविद्यालय, हरदोई की स्थापना के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 1 करोड़ 5 लाख 88 हजार रुपये की प्रथम किस्त जारी करने की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह राशि गैर-वेतन मद में स्वीकृत कुल 4 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये के प्रावधान के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में जारी की गई है।
कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल अनुमोदित कार्ययोजना एवं निर्धारित मदों पर ही किया जाएगा। साथ ही व्यय वित्तीय नियमों, शासन के दिशा-निर्देशों तथा जीईएम (GeM) पोर्टल की खरीद प्रक्रिया के अनुरूप किया जाना अनिवार्य होगा। अगली किस्त उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद ही जारी की जाएगी।
Read This : राष्ट्र प्रेरणा स्थल के रखरखाव के लिए 50 करोड़ रुपये के कॉर्पस फंड को मंजूरी
शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विश्वविद्यालय के खातों का परीक्षण भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) द्वारा कराया जाएगा तथा अनुदान का अंतिम समायोजन वास्तविक व्यय एवं ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।




