लखनऊ, (पत्रकार सत्ता ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की बसंत कुंज योजना के सेक्टर-जे स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के प्रबंधन, संचालन, सुरक्षा एवं अनुरक्षण के लिए 50 करोड़ रुपये के कॉर्पस फंड को मंजूरी प्रदान कर दी है। शासनादेश के अनुसार यह धनराशि स्थायी निधि (कॉर्पस फंड) के रूप में रखी जाएगी तथा इसके ब्याज से स्मारक के रखरखाव एवं संचालन संबंधी व्यय का वहन किया जाएगा।
शासन ने स्पष्ट किया है कि कॉर्पस फंड की मूल राशि का उपयोग किसी भी प्रकार के अनुरक्षण कार्य में नहीं किया जाएगा। निधि का संचालन एलडीए के उपाध्यक्ष और वित्त नियंत्रक के संयुक्त हस्ताक्षरों से होगा तथा समय-समय पर इसका ऑडिट भी कराया जाएगा। साथ ही शासनादेश में वित्तीय नियमों एवं निर्धारित शर्तों के अनुपालन की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
Read This : गोरखपुर में 500 प्राथमिक विद्यालय बंद करने का आरोप, अखिलेश यादव बोले- 1,500 सरकारी नौकरियां छीनी गईं
यह आदेश आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद द्वारा जारी किया गया है तथा वित्त विभाग की सहमति के उपरांत लागू किया गया है। शासनादेश के अनुसार स्वीकृत 50 करोड़ रुपये की राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में निर्धारित मद से व्यय की जाएगी।




