मंडल आयोग की शेष 38 सिफारिशें लागू करने की मांग, बोले- सामाजिक न्याय आंकड़ों के आधार पर सुनिश्चित हो
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली/नगीना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के आरक्षण संबंधी बयान पर नगीना से सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना के आर्थिक और सामाजिक आंकड़े सार्वजनिक करने तथा मंडल आयोग की शेष 38 सिफारिशों को तत्काल लागू करने की मांग की है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि आरक्षण पर किसी भी प्रकार की चर्चा या समीक्षा तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब केंद्र सरकार ने जातिगत जनगणना कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, तो उसके आर्थिक और सामाजिक आंकड़े भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि नीतियां वास्तविक स्थिति के अनुरूप बनाई जा सकें।
यह भी पढ़ें- KGMU में 8-9 अगस्त को PH Summit-2026, पल्मोनरी हाइपरटेंशन के इलाज और नई तकनीकों पर होगा मंथन
उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी अधूरे हैं। आजाद ने कहा कि मंडल आयोग की अनेक सिफारिशें आज तक लागू नहीं हुई हैं और सरकार को शेष 38 सिफारिशों को लागू कर पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को उनका अधिकार देना चाहिए।
चंद्रशेखर आजाद का यह बयान ऐसे समय आया है जब आरक्षण, जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बहस तेज है। हाल के महीनों में केंद्र सरकार ने जनगणना के दूसरे चरण में जाति संबंधी जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया का उल्लेख किया है, जबकि विभिन्न राजनीतिक दल इसके आंकड़े सार्वजनिक करने और नीतिगत निर्णयों में उनके उपयोग की मांग कर रहे हैं।
इसे भी देखें- “अगर सभी बरी हैं, तो 6 लोगों की हत्या किसने की?” डांगावास फैसले पर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा सवाल




