यू.पी. स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव-2026 में जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ, जानिए क्या होगा खास?

यूपी स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव

लखनऊ, (एस.वी. सिंह )। उत्तर प्रदेश में पहली बार लघु पशुपालन क्षेत्र को समर्पित दो दिवसीय ‘यू.पी. स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन 17 एवं 18 जून को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश एवं D.R.E.A.M.S. के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य भेड़, बकरी एवं सूकर पालन से जुड़े किसानों, उद्यमियों और निवेशकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि इस क्षेत्र में रोजगार, उद्यमिता और आय बढ़ाने के नए अवसर विकसित किए जा सकें।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह करेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, विभागीय अधिकारी, देशभर के पशु विज्ञान विशेषज्ञ, कृषि एवं पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक, अनुसंधान संस्थानों के प्रतिनिधि, स्टार्टअप, वित्तीय संस्थान, स्वयं सहायता समूह तथा प्रगतिशील पशुपालक भी मौजूद रहेंगे।

यह भी जानें- मुस्कुराती दिखीं, फिर आई मौत की खबर… क्यों चिंता जता रहे हैं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ?

वैज्ञानिक तकनीकों और आधुनिक पशुपालन पर होगा मंथन

पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. मेमपाल सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य लघु पशुपालन क्षेत्र के सभी हितधारकों को एक मंच पर लाकर आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, नवीन शोध, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, विपणन और निवेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा करना है। इस आयोजन के माध्यम से भविष्य की रणनीति तैयार करने के साथ-साथ किसानों और उद्यमियों को आधुनिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

इसे भी देखें- भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज जसपाल राणा का 49 वर्ष की उम्र में निधन, खेल जगत में शोक की लहर

कॉन्क्लेव में होंगे ये प्रमुख कार्यक्रम

दो दिवसीय आयोजन के दौरान कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं—

  • वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्र
  • पशुपालक-उद्यमी संवाद
  • स्टार्टअप एवं नवाचार प्रस्तुतियां
    उद्योग एवं संस्थागत प्रदर्शनी
  • वित्तीय एवं निवेश अवसरों पर विशेष चर्चा
  • सफल पशुपालकों के अनुभव साझा कार्यक्रम
  • प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यशालाएं
  • ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र के सोलापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया गहरा शोक

पशुपालन विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में भेड़, बकरी और सूकर पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इन क्षेत्रों में उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़े नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं। कॉन्क्लेव का उद्देश्य इन संभावनाओं को किसानों और उद्यमियों तक पहुंचाकर उन्हें आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ना है।

हितधारकों से सहभागिता की अपील

पशुपालन विभाग ने प्रदेश के पशुपालकों, स्टार्टअप, उद्यमियों, निवेशकों, शोधकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य संबंधित संगठनों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। विभाग का मानना है कि यह कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश में लघु पशुपालन क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *