जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम

जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे राजेन्द्र पाल गौतम

38 भवनों को ध्वस्त करने के फैसले का विरोध, छात्रों-शिक्षकों से की मुलाकात

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
रामपुर/लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम मंगलवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दे रहे छात्रों और शिक्षकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, राजेन्द्र पाल गौतम ने विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के प्रस्तावित निर्णय का विरोध करते हुए इसे शिक्षा एवं शिक्षण संस्थानों के विरुद्ध तथा असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कार्रवाई का विरोध करती है और विश्वविद्यालय को बचाने के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में हरसंभव प्रयास करेगी।

इसे भी देखें- अमित शाह को बर्खास्त करें, निष्पक्ष जांच हो: राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और शिक्षाविद् मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नाम पर रखा गया है। ऐसे संस्थान का संरक्षण देश की शैक्षणिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा विषय है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार को किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत या राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शिक्षा संस्थानों के हित में निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल इस आधार पर कि विश्वविद्यालय का निर्माण पूर्व मंत्री मो. आजम खां के प्रयासों से हुआ, उसके विरुद्ध कार्रवाई उचित नहीं है।

इसे भी जानें- जौनपुर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बनेगा सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, 1.33 करोड़ रुपये मंजूर

कांग्रेस के अनुसार, इसके बाद राजेन्द्र पाल गौतम ने पूर्व सांसद तंजीम फातिमा से भी मुलाकात की और विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान रामपुर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद मंडल के आयुक्त ने फिलहाल विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। खबर लिखे जाने तक राज्य सरकार की ओर से कांग्रेस के ताजा आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

इसे भी पढ़ें- जौनपुर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में बनेगा सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट, 1.33 करोड़ रुपये मंजूर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *