रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में भूखंडों का आवंटन, पारदर्शिता के लिए बच्चों ने निकालीं लॉटरी की पर्चियां
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
बरेली। दीपावली से पहले बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने 160 से अधिक परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने की सौगात दी। रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के तहत आवासीय भूखंडों के आवंटन के लिए आयोजित लॉटरी ड्रॉ में 160 से अधिक भूखंड आवंटित किए गए। इससे प्राधिकरण को करीब 86 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। लॉटरी में शामिल लगभग सभी भूखंडों का आवंटन होने को प्राधिकरण ने अपनी आवासीय योजनाओं के प्रति लोगों के विश्वास का परिचायक बताया।
लॉटरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पर्चियां मासूम बच्चों के हाथों से निकलवाई गईं। आवेदकों की मौजूदगी में सभी पर्चियां पारदर्शी बॉक्स में रखी गईं और बच्चों ने एक-एक कर पर्चियां निकालीं। जैसे ही सफल आवेदकों के नाम सामने आए, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
बीडीए उपाध्यक्ष की निगरानी में हुआ ड्रॉ
प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित लॉटरी ड्रॉ उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय (आईएएस) के निर्देशन में संपन्न हुआ। वह स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और अधिकारियों के साथ पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। ड्रॉ में रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न सेक्टरों में अलग-अलग आकार के आवासीय भूखंड शामिल किए गए थे। इससे मध्यम वर्ग सहित विभिन्न वर्गों के परिवारों को अपनी जरूरत के अनुरूप भूखंड पाने का अवसर मिला।
यह भी जानें- राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति का योगदान अतुलनीय : संजीव अग्रवाल
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट विजन है कि शासन की प्रत्येक प्रक्रिया पारदर्शी हो और हर परिवार को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त आवास मिले। बच्चों को ईमानदारी और निश्छलता का प्रतीक मानते हुए उनके हाथों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गईं, ताकि आवंटन प्रक्रिया में किसी प्रकार के संदेह की गुंजाइश न रहे और आमजन का प्राधिकरण पर विश्वास मजबूत हो।
उन्होंने बताया कि लॉटरी से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर के सुनियोजित विकास में किया जाएगा। सफल आवंटियों को आवंटन पत्र जारी करने सहित आगे की सभी औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी।
बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं
बीडीए की रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाएं बरेली-बीसलपुर मार्ग एवं दिल्ली-लखनऊ हाईवे के निकट स्थित हैं। यहां से रेलवे स्टेशन, सैटेलाइट बस स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचना सुविधाजनक बताया गया है। योजनाओं में चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत लाइनें, पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। आवंटियों को भूखंड की शेष धनराशि आसान त्रैमासिक किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई है।
इसे भी देखें- आनन्द नगर स्टेशन पर 49 पेंशनभोगियों के बने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
बीडीए का यह आवंटन कार्यक्रम पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने और बरेली को सुनियोजित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में प्राधिकरण के प्रयासों का हिस्सा है।
रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना, बरेली।




