रेलवे के विशेष शिविर से वरिष्ठ नागरिकों को मिली राहत, एक ही स्थान पर पूरी हुई जरूरी प्रक्रिया
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आनन्द नगर रेलवे स्टेशन के उच्च श्रेणी यात्री प्रतीक्षालय में विशेष शिविर लगाया गया, जिसमें 49 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के दिशानिर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराना था। इससे बुजुर्ग पेंशनभोगियों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उनके समय, श्रम एवं धन की बचत हुई।

शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की उपयोगिता और इसे बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया, ताकि वे भविष्य में भी इस सुविधा का स्वयं लाभ उठा सकें।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के माध्यम से पेंशनभोगी अपनी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक जीवन प्रमाण संबंधी औपचारिकताएं आसानी से पूरी कर सकते हैं।
लखनऊ मंडल प्रशासन का कहना है कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा उन्हें बेहतर सेवाएं प्रदान करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।




