आकाश आनंद की सपा में एंट्री पर अखिलेश का बड़ा बयान, बोले- ‘आप लेकर आओ तो हम उन्हें पार्टी में शामिल कर लेंगे’

आकाश आनंद की सपा में एंट्री पर अखिलेश का बड़ा बयान

ज़मीर हैदर । पत्रकार सत्ता
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में चल रहे ताजा घटनाक्रम के बीच आकाश आनंद के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की अटकलों ने उत्तर प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। आकाश आनंद को बसपा से बाहर किए जाने के बाद जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनके सपा में आने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिससे राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अखिलेश यादव से जब आकाश आनंद के बसपा से निकाले जाने के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह बसपा का आंतरिक मामला है और वह दूसरे दल के नेताओं पर टिप्पणी नहीं करेंगे।

इसके बाद पत्रकार ने अखिलेश यादव से पूछा कि यदि आकाश आनंद समाजवादी पार्टी में आना चाहें तो क्या उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा? इस पर अखिलेश यादव ने कहा— “आप लेकर आओ तो, हम उन्हें पार्टी में शामिल कर लेंगे।”

यह भी जानें- मलिहाबाद में रिश्तों का अनोखा मामला: पत्नी प्रेमी संग गई तो पति ने मंदिर में दोनों की करा दी शादी

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद आकाश आनंद के सपा में संभावित प्रवेश को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी आकाश आनंद के सपा में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अखिलेश का बयान सपा की ओर से उनके लिए संभावित राजनीतिक विकल्प का संकेत जरूर माना जा रहा है।

बसपा में बड़ा फेरबदल

यह बयान ऐसे समय आया है जब मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर बसपा से बाहर कर दिया है। मायावती ने आकाश आनंद पर पार्टी और आंदोलन के हितों के बजाय व्यक्तिगत एवं पारिवारिक संबंधों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के घटनाक्रम के बाद बसपा में यह बड़ा बदलाव हुआ है।

वहीं, मायावती ने आकाश आनंद के छोटे भाई ईशान आनंद को संगठन में नई जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। ऐसे में आकाश आनंद को लेकर सपा अध्यक्ष का बयान उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसे भी देखें- पत्रकार सत्ता 10 सितम्बर E-पेपर, 2026 का अंक

फिलहाल क्या स्थिति है?

फिलहाल आकाश आनंद के सपा में जाने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए इसे सपा में उनकी एंट्री के बजाय अखिलेश यादव की ओर से संभावित स्वागत के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में आकाश आनंद का राजनीतिक रुख इस पूरे घटनाक्रम को और स्पष्ट कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *