संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक मुद्दा बनाकर भ्रम फैला रही कांग्रेस : उमेश गौतम

उमेश गौतम ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया

चुनाव आयोग के फैसलों और एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर महापौर ने साधा निशाना

निर्भय सक्सेना । पत्रकार सत्ता
बरेली। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कांग्रेस पर प्रशासनिक एवं संवैधानिक विषयों को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। महापौर ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय राजनीतिक दलों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

महापौर कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा चुनाव आयोग तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, चुनावी परिणामों के बाद संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति पर आत्ममंथन करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में बारिश के बीच जर्जर स्कूल की छत गिरी, मची अफरा-तफरी

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से जारी संयुक्त बयान में एसआईआर समेत प्रमुख निर्णयों को सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही गई है। महापौर ने दावा किया कि इससे चुनाव आयोग के निर्णयों को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों की स्थिति स्पष्ट हुई है।

डॉ. उमेश गौतम ने कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखे गए पत्र से संबंधित मीडिया रिपोर्ट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उक्त पत्र को एसआईआर या किसी नीतिगत विषय से जोड़कर देखना उचित नहीं है। उन्होंने एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित रिपोर्ट को तथ्यों से परे बताते हुए कहा कि उसमें किए गए दावों की पुष्टि ठोस तथ्यों से नहीं होती।

महापौर ने फॉर्म-6 के घोषणापत्र को लेकर भी विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की गई है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि आयोग द्वारा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रैन बसेरों, मजदूरों और बेघर लोगों के बीच विशेष कैंप लगाने तथा छूटे हुए लोगों तक पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से फॉर्म एकत्र करने जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।

इसे भी देखें- डॉ. संजय निषाद का विपक्ष पर हमला, बोले- हार के बाद ईवीएम और चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवाल

राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए महापौर ने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय उपलब्ध तथ्यों और आधिकारिक स्पष्टीकरण के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

महापौर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके संबंध में किसी भी दावे को सार्वजनिक करने से पहले तथ्यों की पुष्टि आवश्यक है।

प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष बरेली सोमपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर और जिला उपाध्यक्ष राहुल साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *