गोलागंज के चिकमंडी प्राथमिक विद्यालय की घटना, सड़क पर बल्ली लगाकर लोगों को किया गया सतर्क; हादसे के खतरे को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता
ज़मीर हैदर । पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश के बीच गोलागंज स्थित चिकमंडी प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत का एक हिस्सा गिरने की सूचना सामने आई है। छत गिरने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े विद्यालय परिसर की छत बारिश के बीच अचानक गिर गई। विद्यालय के पास सड़क पर लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों ने खतरे को देखते हुए सड़क पर बल्ली लगाकर राहगीरों को सतर्क करने का प्रयास किया।

इसे भी जानें- इकाना स्टेडियम के पास बारिश में धंसी सड़क, बड़े हिस्से में आई दरारें
व्यस्त रास्ते पर हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक चिकमंडी प्राथमिक विद्यालय के सामने से होकर हैदर मिर्जा रोड से बारूद खाना की ओर जाने वाले लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में जर्जर भवन का हिस्सा गिरने की घटना के बाद लोगों में किसी बड़े हादसे की आशंका को लेकर चिंता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर जर्जर हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाए और रास्ते से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इसे भी देखें- पंकज चौधरी का कांग्रेस पर हमला, सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट मामले को लेकर उठाए सवाल
बारिश के बीच पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय की छत गिरने के वास्तविक कारण और भवन की मौजूदा स्थिति का आधिकारिक आकलन संबंधित विभाग के निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पत्रकार सत्ता, ब्यूरो रिपोर्ट




