निषाद पार्टी अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ने कहा- SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं, फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने का अवसर उपलब्ध
ज़मीर हैदर । पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि जिस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से कांग्रेस केंद्र और विभिन्न राज्यों में सत्ता में आई, उसी ईवीएम पर अब सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इसी चुनावी व्यवस्था के तहत सांसद और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।
इसे भी जानें- मूसलाधार बारिश से फसल बर्बाद, किसानों के फसल बीमा क्लेम में मदद की अपील
SIR प्रक्रिया पर दिया पक्ष
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर डॉ. संजय निषाद ने कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है। उनके अनुसार वर्ष 1952, 1957, 1961, 1965-66 और 2003 में भी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है।
इसे भी जानें- पंकज चौधरी का कांग्रेस पर हमला, सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट मामले को लेकर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं या किसी कारण से छूट गए हैं, उन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने का अवसर दिया गया है।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप
डॉ. संजय निषाद ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सत्ता की राजनीति के तहत संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर विश्वास जताया है और विपक्ष अपनी चुनावी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहा है।
इसे भी देखें- भारी बारिश के बीच अनवरत जारी रही श्रीमद्भागवत कथा, कृष्ण-रुक्मणी विवाह टला
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनावश्यक सवाल खड़े करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को चुनावी प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी बढ़ाने और मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करना चाहिए।
यह सभी बातें निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ




