निर्भय सक्सेना । पत्रकार सत्ता
बरेली/लखनऊ। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित रेगलिया ग्रीन्स में शुक्रवार से तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्सपो-2026 का 11वां संस्करण शुरू हुआ। एक्सपो का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण, एमएसएमई, आधुनिक तकनीक, मशीनरी और कृषि आधारित उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को एक मंच उपलब्ध कराना है। एक्सपो का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के बरेली चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने उद्घाटन समारोह में सहभागिता की और एक्सपो में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों, आधुनिक मशीनरी, नवीन तकनीकों तथा व्यावसायिक समाधानों की जानकारी ली और उद्यमियों से संवाद किया।

इसे भी पढ़ें- आईवीआरआई एवं आईआईटीआर लखनऊ के बीच वैज्ञानिक सहयोग को हुआ एमओयू
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल के मार्गदर्शन में संगठन की ओर से उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसरों, आधुनिक तकनीकों और राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक मंचों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक्सपो को उद्यमियों के लिए संवाद, नेटवर्किंग और व्यापार विस्तार के अवसर के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल के नेतृत्व में चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल, राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी, संदीप तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य एक्सपो में शामिल हुए।
उद्योगों के लिए उपयोगी मंच
आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पाद, तकनीक और क्षमताएं प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उद्योगों को नए बाजार और व्यापारिक अवसरों की जानकारी मिलती है।
चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने कहा कि एक्सपो में विभिन्न क्षेत्रों से उद्यमियों की सहभागिता खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को समझने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि आईआईए बरेली चैप्टर अपने सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर के ऐसे मंचों से जोड़ने के लिए प्रयास जारी रखेगा।
यह भी देखें-19 सितंबर को बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी पेयजल आपूर्ति
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को किसानों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वहीं राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी ने कहा कि एक्सपो उद्यमियों को नेटवर्किंग, नए उत्पादों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो




