निर्भय सक्सेना । पत्रकार सत्ता
बरेली। भारतीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईवीआरआई), इज्जतनगर, बरेली और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद-भारतीय विषविज्ञान अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-आईआईटीआर), लखनऊ के बीच बुधवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर सीएसआईआर-आईआईटीआर के निदेशक डॉ. भास्कर नारायण तथा आईसीएआर के उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) एवं आईसीएआर-आईवीआरआई के निदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्टा ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
इसे भी पढ़ें- 19 सितंबर को बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी पेयजल आपूर्ति
समारोह में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के पूर्व अपर महानिदेशक डॉ. देबब्रत कानुंगो तथा सीएसआईआर-एनआईआईएसटी, तिरुवनंतपुरम के पूर्व निदेशक एवं सीएसआईआर-आईआईटीआर, लखनऊ की अनुसंधान परिषद के निवर्तमान एवं वर्तमान अध्यक्ष डॉ. जावेद इकबाल भी उपस्थित रहे।
संयुक्त अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) गतिविधियों, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा परस्पर हित वाले वैज्ञानिक क्षेत्रों में सहयोगात्मक अनुसंधान के लिए रूपरेखा तैयार की गई है।
इसके अलावा वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
यह भी देखें- 50 करोड़ की मानहानि का मुकदमा: पतंजलि के घी को लेकर ब्रजभूषण शरण सिंह के बयान पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई
यह साझेदारी विष विज्ञान, पशु चिकित्सा विज्ञान और संबद्ध विषयों में अंतर-संस्थागत अनुसंधान, नवाचार तथा वैज्ञानिक उत्कृष्टता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
रिपोर्ट- निर्भय सक्सेना, बरेली ब्यूरो




