एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पत्रकार सत्ता । डिजिटल डेस्क
शामली। हरियाणवी गायक एवं अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शामली में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्याकांड से जुड़े दो कथित शूटर मारे गए। दोनों आरोपियों पर पुलिस की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने एनकाउंटर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने जिले में चेकिंग और नाकाबंदी बढ़ा दी थी। इसी दौरान तड़के बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे। पुलिस टीमों ने पीछा करते हुए घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों की ओर से दोबारा फायरिंग की गई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मारे गए दोनों आरोपी अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल चार कथित शूटरों में बताए जा रहे हैं।
यह भी जानें- मिर्च पाउडर झोंका, नशीला पदार्थ सुंघाया, फिर मारीं दो गोलियां; धीरेंद्र हत्याकांड में बड़ा खुलासा
दो पुलिसकर्मी भी घायल
पुलिस के अनुसार, बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मौके से हथियार, कारतूस, बाइक और अन्य सामान बरामद किए जाने की बात कही गई है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और साजिश में शामिल लोगों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इसे भी देखें- ‘सीता मां को चुराने वाला भी भेष बदलकर आया था’, अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला
अंकित बालियान की हत्या के बाद हाई अलर्ट
गौरतलब है कि 26 अगस्त को जिम के बाहर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया था। जांच में चार शूटरों के शामिल होने की बात सामने आई थी। अब दो कथित शूटरों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट : शामली ब्यूरो




