डमरू की गूंज और पुष्पवर्षा से गूंजा नाथ नगरी का मार्ग, विभिन्न समाजों व संगठनों ने किया भव्य स्वागत
निर्भय सक्सेना । पत्रकार सत्ता
बरेली। रिमझिम बारिश के बीच देवाधिदेव बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार बाबा महाकाल नन्दी स्वरूप धारण किए भक्तों के कंधों पर बारह ज्योतिर्लिंगों से अंकित चांदी की पालकी में सवार होकर नाथ नगरी के भ्रमण पर निकले। बाबा महाकाल के साथ मां अन्नपूर्णा और काशी कोतवाल भगवान भैरवनाथ भी अपने-अपने सिंहासनों पर विराजमान रहे और भक्तों को दर्शन दिए।
उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार तथा भाजपा कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने यात्रा में बाबा महाकाल की पालकी के समक्ष पहुंचकर शीश नवाया। डमरू की गूंज और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ यात्रा का शुभारंभ
श्यामगंज स्थित सेठ गिरधारी लाल मंदिर से पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ। बाबा महाकाल पालकी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल एवं महामंत्री अनुराग अग्रवाल ने बताया कि पं. भगवती नंदन शास्त्री आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा महाकाल, माता गौरी और भैरवनाथ की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद पालकी धारण करने वाले भक्तों को नन्दी स्वरूप में जनेऊ, भस्म, चंदन और रुद्राक्ष माला धारण कराई गई। अध्यक्ष एवं महामंत्री ने महाकाल और मां जगतजननी की आरती उतारी, जिसके बाद डमरू की गूंज के साथ यात्रा रवाना हुई।
इसे भी जानें- मायावती ने सरकारों से की ‘हर हाथ को काम’ देने की अपील, खाली पदों पर भर्ती की मांग
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली पालकी
पालकी यात्रा अपने निर्धारित पारंपरिक मार्ग से होते हुए साहू गोपीनाथ, शिवाजी मार्ग, बांसी मंडी, सिकलापुर, रोडवेज, चौकी चौराहा, बरेली कॉलेज और कालीबाड़ी होते हुए गंतव्य स्थल पर पहुंची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया।
नन्द समाज, कश्यप समाज, अग्रवाल समाज, राठौर समाज, पासवान समाज, राजपूत समाज, क्षत्रिय समाज, भोजवाल समाज, वाल्मीकि समाज, स्वर्णकार समाज, चित्रांश कायस्थ समाज और गुप्ता समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पंडाल लगाकर बाबा महाकाल की आरती उतारी तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
प्रमुख व्यापार मंडलों, विभिन्न संगठनों और व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों से पालकी यात्रा का भव्य स्वागत किया।

उपजा प्रेस क्लब चौराहे पर भी हुआ स्वागत
उपजा प्रेस क्लब चौराहे पर अध्यक्ष डॉ. पवन सक्सेना के नेतृत्व में पालकी यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुकेश तिवारी, निर्भय सक्सेना, विकास सक्सेना, अरविंद, सुरेश रोचानी, गोपाल सिंह, रोहित रेकरीवाल, शिव कुमार बरतरिया, डॉ. विनोद पागरानी, मनीष अग्रवाल, सभासद राजेश अग्रवाल, सरदार गुरविंदर सिंह, विशाल मेहरोत्रा, नवीन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
इसे भी देखें- रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च पर पुलिस कार्रवाई, आंसू गैस और लाठीचार्ज
झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान
मीडिया प्रभारी प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि पालकी यात्रा में शामिल विभिन्न झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वीर हकीकत राय की आस्था, साहस और स्वाभिमान की अमर गाथा, छत्रपति शिवाजी महाराज के हिन्दवी स्वराज की सिंह-गर्जना तथा चित्तौड़ की रानी पद्मिनी के जौहर और बलिदान पर आधारित झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

नासिक बैंड, डमरू दल तथा श्री रामानुज सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं का घोष भी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। लोगों ने अपने घरों की छतों से बाबा महाकाल और माता श्रृंगार गौरी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इसे भी जानें- ‘भइया थोड़ा और प्रेशर मारो न…’, वाटर कैनन खुला तो गूंज उठा क्रांति गीत
पालकी यात्रा को सफल बनाने में विवेक मिश्रा, पंकज दत्त, राजकिशोर कश्यप, प्रसून सिंह, अमित मिश्रा, अमित भारद्वाज, मुकुल अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, अनूप गोयल, नितेश वर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट: वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना, बरेली




