ई20 ईंधन नीति को लेकर उठाए सवाल, भविष्य में E40, E50 और E60 लागू करने की आशंका जताई
पत्रकार सत्ता न्यूज़
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार गैर-अनुपालन (Non-compliant) वाहनों पर एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल थोपकर लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंचाने पर आमादा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जब तक सरकार अपनी नीति और भविष्य की योजना स्पष्ट नहीं करती, तब तक नए पेट्रोल और डीजल वाहन खरीदने से बचें।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि आज लोगों को E20 अनुकूल वाहन खरीदने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, लेकिन भविष्य में सरकार E40, E50 या E60 जैसे अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन को भी अनिवार्य कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे वाहन मालिकों के सामने नई समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के आवास के बाहर साधु-संतों का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
उन्होंने कहा कि सरकार को पहले स्पष्ट करना चाहिए कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर उसकी दीर्घकालिक नीति क्या है और भविष्य में वाहन मालिकों पर किस प्रकार के मानक लागू किए जाएंगे। इसके बाद ही लोग नए वाहन खरीदने का निर्णय लें।
हालांकि, केंद्र सरकार का कहना रहा है कि एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। सरकार चरणबद्ध तरीके से E20 ईंधन के उपयोग को बढ़ा रही है और इसके अनुरूप वाहन निर्माता कंपनियां भी E20-संगत (Compatible) वाहन बाजार में उतार रही हैं।
इसे भी देखें- ऊना दलित अत्याचार मामले में आरोपियों के बरी होने पर मायावती का हमला, गुजरात सरकार से हाईकोर्ट जाने की मांग




