लखनऊ, (पत्रकार सत्ता न्यूज़)। अलीगंज अग्निकांड के बाद अवैध निर्माण और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अटल बिहारी बाजपेई विचार मंच के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता संतोष दुबे ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के प्रवर्तन अधिकारियों की चल-अचल संपत्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संतोष दुबे ने आरोप लगाया है कि शहर में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हो रहे हैं और उन्हें अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। उनका दावा है कि इस प्रक्रिया में कथित रूप से करोड़ों रुपये की अवैध कमाई और बेनामी संपत्तियां अर्जित की गई हैं। उन्होंने अग्निशमन, पुलिस और बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
देखें यह वीडियो-
पत्र में उन्होंने कहा कि बड़े हादसों के बाद अक्सर निचले स्तर के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
नोट: यह समाचार संबंधित पक्ष द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। इसमें लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के दावे हैं। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।




