पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को मानसून के बाद भरकर किया जाएगा दुरुस्त, जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
पत्रकार सत्ता ब्यूरो
लखनऊ । प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की अक्टूबर से बड़े स्तर पर मरम्मत कराई जाएगी। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को रोड रेस्टोरेशन अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए कई ग्रामीण मार्गों को खोदा गया है। मानसून के दौरान बारिश के कारण इन सड़कों पर आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि अक्टूबर से अभियान चलाकर खोदी गई सड़कों को दोबारा भरने, समतल करने और दुरुस्त करने का काम तेजी से कराया जाए।

परियोजनाएं समय से पूरी करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की प्रगति भी देखी गई। मंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों से क्षेत्र भ्रमण और रात्रि प्रवास को लेकर भी फीडबैक लिया गया। बैठक में AE और JE को भी रात्रि प्रवास के निर्देश दिए गए।
जल प्रबंधन पर विशेष निगरानी
स्वतंत्र देव सिंह ने जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल योजनाओं के संचालन और जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावी ढंग से जारी रहे।
इसे भी जानें- पत्रकार सत्ता, 07 सितम्बर E-पेपर, 2026 का अंक
उन्होंने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को अपने अधीनस्थ अभियंताओं तथा संबंधित एजेंसियों के कार्यों की गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर अपर मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह, जेएमडी (प्रशासन) डॉ. राजेश प्रजापति, जेएमडी प्रभाष कुमार, स्टेट कोऑर्डिनेटर डीके सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




