मॉस्को में कानपुर के इंजीनियर की हिरासत पर नया अपडेट: पत्नी ने रूसी सेना में भेजने के दबाव का लगाया आरोप, भारतीय दूतावास सक्रिय

मॉस्को में कानपुर के इंजीनियर चंदन गुप्ता हिरासत में

पत्नी स्नेहा गुप्ता ने पीएम मोदी और सीएम योगी से लगाई मदद की गुहार, भारतीय दूतावास ने रूसी अधिकारियों से संपर्क कर कांसुलर एक्सेस मांगा

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
मॉस्को/कानपुर। रूस की राजधानी मॉस्को में कानपुर निवासी इंजीनियर चंदन गुप्ता की हिरासत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। चंदन गुप्ता नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी से जुड़े हैं और वर्क वीजा पर रूस में काम कर रहे थे। उनकी पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि मॉस्को पुलिस उनके पति को हिरासत में लेकर रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बना रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की थी।

भारतीय दूतावास ने संभाला मामला

मामले में अब नया अपडेट सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक भारतीय दूतावास ने रूसी अधिकारियों से संपर्क किया है और हिरासत में लिए गए भारतीय नागरिकों तक कांसुलर पहुंच मांगी है। विदेश मंत्रालय की ओर से भी मामले की जानकारी लिए जाने और मॉस्को स्थित भारतीय मिशन द्वारा सहायता उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।

इसे भी पढ़ें- 9000 एंबुलेंस कर्मचारियों की नौकरी का मुद्दा फिर गरमाया, कांग्रेस ने योगी सरकार पर साधा निशाना

हिरासत की वजह पर भी सामने आई जानकारी

कुछ रिपोर्टों के अनुसार चंदन गुप्ता को एक सहकर्मी के साथ कथित तौर पर शराब से संबंधित आरोपों के मामले में स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि, उनकी पत्नी का दावा है कि उनके पति ने कोई गलत काम नहीं किया और हिरासत के बाद उन्हें रूसी सेना में भेजे जाने का दबाव बनाया जा रहा है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पत्नी ने वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार

स्नेहा गुप्ता ने मॉस्को से वीडियो जारी कर कहा कि उनके पति कंपनी के माध्यम से वर्क वीजा पर रूस गए हैं और वह इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर पति को सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है।

इसे भी देखें- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हुआ एसकेडी ग्रुप

फिलहाल चंदन गुप्ता की हिरासत की परिस्थितियों और रूसी सेना में भर्ती किए जाने के आरोपों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद अब परिवार को आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

रिपोर्ट: ज़मीर हैदर, पत्रकार सत्ता ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *