लखनऊ। दो दशक से अधिक समय से निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों की पत्रकारिता के लिए अपनी पहचान बना चुका पत्रकार सत्ता समाचार पत्र अब डिजिटल युग में एक नई शुरुआत करने जा रहा है। 15 जून 2026 से पत्रकार सत्ता का अत्याधुनिक वेब पोर्टल औपचारिक रूप से पाठकों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। इसके साथ ही पाठक अब देश-प्रदेश, राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, खेल, मनोरंजन और जनहित से जुड़े समाचारों को कहीं भी और कभी भी ऑनलाइन पढ़ने के साथ-साथ वीडियो समाचारों के माध्यम से भी देख सकेंगे।
पत्रकार सत्ता का यह डिजिटल विस्तार बदलते समय के साथ पाठकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। वेब पोर्टल पर समाचारों के साथ विशेष रिपोर्ट, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव स्टोरी, फोटो गैलरी, वीडियो बुलेटिन तथा समसामयिक विषयों पर विश्लेषणात्मक सामग्री भी उपलब्ध रहेगी।
इसे भी पढ़ें- भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब, हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से भक्तिमय हुआ इंदिरा नगर
पत्रकार सत्ता समूह के स्वामी शबीह हैदर ने सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं, शुभचिंतकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार सत्ता को वर्षों से जो विश्वास और स्नेह मिला है, उसी का परिणाम है कि संस्थान अब डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक नए स्वरूप के साथ कदम रख रहा है।

उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाठकों तक तेज, विश्वसनीय और तथ्यपरक खबरें पहुंचाई जाएंगी। पत्रकार सत्ता आने वाले समय में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी अपने नए और आधुनिक स्वरूप में उपलब्ध होगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक समाचारों की सहज पहुंच सुनिश्चित की जा सके।”
इसे भी पढ़ें- लखनऊ जंक्शन पर स्थापित हुई ‘गीता संवाद’ की प्रतिमा, यात्रियों को दे रही सकारात्मक ऊर्जा का संदेश
डिजिटल विस्तार के साथ ही पत्रकार सत्ता समूह अपने संगठनात्मक ढांचे को भी और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। संस्थान के प्रबंधन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एडवोकेट ताहिर हैदर को संस्थान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है, जबकि पत्रकार सत्ता के पूर्व जीएम एस. वी. सिंह को संपादक का दायित्व सौंपे जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
प्रबंधन का मानना है कि अनुभवी और दक्ष नेतृत्व के साथ पत्रकार सत्ता डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में भी विश्वसनीयता और निष्पक्षता की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाएगा। संस्थान ने पाठकों से अपील की है कि वे 15 जून से पत्रकार सत्ता के वेब पोर्टल से जुड़ें और अपने सुझावों एवं सहयोग के माध्यम से इस नई डिजिटल यात्रा का हिस्सा बनें।
— पत्रकार सत्ता ब्यूरो




